मीरा के कन्हैया


मीरा के कन्हैया
~~~~~~~~~
मेवाड़ के राजमहलों का वैभव, कुल की मर्यादा और राणा सांगा के पुत्रवधू होने का अभिमान — सब कुछ मीरा जी बहुत पहले छोड़ चुकी थीं। दुखों का पहाड़, अपनों का अत्याचार और दुनिया की अस्वीकृति सहते-सहते वे अंततः अपनी अंतिम आश्रय-स्थली, श्रीधाम वृन्दावन आ पहुँचीं। पैरों में फफोले थे, पर हृदय में गिरिधर के दर्शन की बुझी ना जा सकने वाली प्यास धधक रही थी।

वृन्दावन में उन दिनों वैष्णव सम्प्रदाय के प्रमुख, प्रकांड ज्ञानी श्री जीव गोस्वामी जी का अत्यंत मान-समादर था। संतों के प्रति मीरा जी की श्रद्धा अपार थी, इसलिए वे उनके दर्शन के लिए उनके आश्रम जा पहुँचीं।

लेकिन वह बाहर ही रोक दी गईं।

शिष्य भीतर गया और बोला,“गुरुदेव, मेवाड़ की मीराबाई आपके दर्शन चाहती हैं।”
अंदर से कठोर उत्तर आया—“कह दो, मैं किसी स्त्री से नहीं मिलता। यह मेरे नियमों के विरुद्ध है। वे लौट जाएँ।”

शिष्य ने संदेश पहुँचाया तो मीरा ठिठककर मुस्कुराईं। बोलीं—“जाकर अपने गुरुदेव से कहना… मुझे तो यही ज्ञात था कि वृन्दावन में केवल एक पुरुष है — मेरे गिरधर! बाकी सब तो उनकी गोपियाँ हैं। आज पता चला कि यहाँ कोई और भी है जो स्वयं को ‘पुरुष’ मानता है!”

यह उत्तर नहीं, उस पुरुष-अहंकार पर तीखा व्यंग्य था, जो भक्ति के मार्ग में दीवार बन बैठता है।

अगली सुबह वृन्दावन ने ऐसा दृश्य देखा जैसा पहले कभी नहीं देखा था।

ब्रह्म मुहूर्त में जब जीव गोस्वामी जी मंदिर के पट खोलने पहुँचे, तो सामने का दृश्य देखकर उनका शरीर जैसे पत्थर हो गया। आरती की थाली हाथ से गिरते-गिरते बची। सिंहासन पर पीताम्बर-धारी श्यामसुंदर नहीं थे।
वहाँ एक छबीली सखी खड़ी थी — घाघरा-चोली में सजी, कानों में झुमके, माथे पर बिंदी, पैरों में पायल और हाथों में हरी चूड़ियाँ। त्रिभुवननाथ स्त्री-रूप में मंद-मंद मुस्कुरा रहे थे।

गोस्वामी जी हतप्रभ।
“यह किसने किया? मेरे बाद मंदिर में कौन आया?!” उन्होंने गरजकर पूछा।
सेवक काँप उठे—“महाराज, आपके बंद किये पट आपने ही खोले हैं। कोई भीतर आया हो, यह असम्भव है।”

सभी चुप थे, तभी एक वृद्ध सेवक धीमे से बोला —“गुसाईं जी… कल जिस भक्ति पर आपने दरवाज़ा बंद किया था… लोग कहते हैं उस मीरा के एकतारे में ऐसा जादू है कि पत्थर पिघल जाएँ। कहीं ठाकुर जी का कोई संकेत तो नहीं? कहीं आपने भक्ति को ही तो नहीं ठुकरा दिया?”

इन शब्दों ने गोस्वामी के हृदय की कठोर परतें पल भर में झटके से तोड़ दीं। ज्ञान, तर्क, अहंकार — सब उस रूपांतरण के चरणों में बिखर गए।

वे नंगे पाँव दौड़े! धर्मशाला पहुँचे तो मीरा अपने गान में डूबी थीं। गोस्वामी, जो कभी किसी के आगे नहीं झुकते थे, उनके चरणों में गिर पड़े। कंठ रुंध गया —“माता, मुझे क्षमा करें। मैंने देह देखी, आपने आत्मा। आपने आज मुझे सिखाया कि वृन्दावन में भेद का कोई स्थान नहीं — यहाँ सब एक ही प्रेम में बंधे हैं।”

मीरा ने हाथ उठाया और शांत स्वर में कहा — “चलिए, अब देर क्यों? मेरे गिरधर आपकी भी राह देख रहे होंगे।”

दोनो मंदिर पहुँचे — और देखा कि ठाकुर जी अपने वास्तविक पीताम्बर-रूप में विराजमान हैं। मुस्कान वही, कृपा वही — लेकिन जीव गोस्वामी जी की दृष्टि बदल चुकी थी। अब उन्हें कभी मीरा में कृष्ण दिखते, तो कभी कृष्ण में मीरा। भक्ति और भगवान के बीच का आवरण उस दिन हट गया था।

🪷 जय जय मीरा जी के कन्हैया 🪷
🙏🙏
#VijetaMalikBJP

#HamaraAppNaMoApp

Popular posts from this blog

अमर शहीद यतींद्र नाथ दास (जतिन दा)

अमर शहीद भाई तारू सिंह जी

वीर बाल दिवस